रूद्रप्रयाग। राज्य सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की पहल ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को गुप्तकाशी नगर पंचायत सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विशेश्वरी देवी ने की।
जन संवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिशासी अधिकारी भारत भूषण पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त शिकायतों में से 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 4 शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है।
कार्यक्रम में नागरिकों ने गुप्तकाशी क्षेत्र में प्रत्येक माह एक दिन आधार कार्ड बनाने एवं संशोधन के लिए विशेष आधार शिविर आयोजित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा राशन कार्ड नहीं बनने, केवाईसी प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विशेश्वरी देवी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जन संवाद कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही स्थानीय समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, वार्ड सदस्य गौरव रावत, शहरी विकास विभाग से हिमांशु बहुगुणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।