May 30, 2026

वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने किया रुद्रप्रयाग के मतदेय स्थलों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

post-img

रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत रुद्रप्रयाग के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन तैयारियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, पहुंच मार्ग, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।

श्री गर्ग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाने के लिए सभी कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर बल दिया।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।