May 30, 2026

केदारनाथ यात्रा में आस्था का महाकुंभ, रिकॉर्ड समय में पहुंचे 10 लाख श्रद्धालु

post-img

 

 

39 दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन, यात्रा ने रचा नया इतिहास

रुद्रप्रयाग।विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद महज 39 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यह उपलब्धि केदारनाथ यात्रा के इतिहास में एक नया कीर्तिमान मानी जा रही है।

 

देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण धाम में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रतिदिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "जय बाबा केदार" के जयघोषों से गूंज रहा है, जबकि गौरीकुंड से केदारपुरी तक पूरे यात्रा मार्ग पर आस्था का जनसैलाब दिखाई दे रहा है।

 

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर अराजक तत्वों, हुड़दंग और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है।

 

रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिल रहा है। होटल व्यवसायी, घोड़ा-खच्चर संचालक, डंडी-कंडी श्रमिक, टैक्सी चालक और अन्य स्वरोजगार से जुड़े हजारों लोगों की आय में वृद्धि हुई है। स्थानीय बाजारों में भी रौनक लौट आई है।

 

यात्रा के शुरुआती 39 दिनों में ही 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने से उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। प्रशासन और मंदिर समिति संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत करने में जुटी हुई है। बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और बेहतर यात्रा प्रबंधन ने इस वर्ष की यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया है।