ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में डोली रवाना होते समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़, लेकिन भक्ति से ज्यादा मोबाइल कैमरों का रहा जोर
प्रधान संपादक : प्रवीन रावत
रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के हिमालय की ओर प्रस्थान के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे, लेकिन इस दौरान एक बदलती तस्वीर भी साफ तौर पर नजर आई।
डोली के दर्शन के दौरान जहां पहले श्रद्धालु हाथ जोड़कर बाबा केदार को नमन करते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग हाथों में मोबाइल और कैमरे लिए फोटो और वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे। कई श्रद्धालु डोली के दर्शन से ज्यादा “परफेक्ट शॉट” लेने में जुटे नजर आए।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि आस्था का स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है। पहले जहां भक्त दूर-दूर से केवल दर्शन और पूजा के भाव से पहुंचते थे, वहीं अब सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के चलते फोटो और रील बनाने की प्रवृत्ति हावी होती जा रही है।
हालांकि, डोली यात्रा की भव्यता और श्रद्धालुओं का उत्साह पहले की तरह ही बना हुआ है, लेकिन भक्ति के बीच बढ़ती “डिजिटल व्यस्तता” ने एक नई बहस को जन्म दे दिया हैकृक्या आस्था अब प्रदर्शन का माध्यम बनती जा रही है? यह बदलता परिदृश्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धा और तकनीक के बीच संतुलन की जरूरत की ओर इशारा कर रहा है।