रंग-बिरंगे फूलों से संवर रहा मंदिर परिसर,
22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट,
रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने में अब मात्र दो दिन शेष रह गए हैं। जैसे-जैसे तिथि नजदीक आ रही है, केदारनगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रशासनिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों में उत्साह, आस्था और तैयारियों का माहौल साफ नजर आ रहा है।
धाम को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। कई कुंतल ताजे फूलों से मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है, जिससे पूरी केदारपुरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठी है।
बाबा केदार की पवित्र डोली आज द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए गौरीकुंड पहुंचेगी। इसके बाद मंगलवार को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 22 अप्रैल प्रातः आठ बजे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती के अनुसार कपाट उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर को भव्य सजावट के साथ सजाया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दिव्य और भव्य दर्शन का अनुभव मिल सके। केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ती चहल-पहल यह दर्शाती है कि आगामी चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।