Feb 28, 2026

उप्र की राज्यपाल व सीएम योगी से मिले सतपाल महाराज व बीकेटीसी अध्यक्ष, चारधाम यात्रा का दिया न्योता; यूपी में स्थित मंदिर समिति की भूमि विनिमय पर सौंपा पत्र

post-img

रुद्रप्रयाग।पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की उपस्थिति में बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री को आगामी चारधाम यात्रा सहित श्री बदरीनाथ व केदारनाथ धाम यात्रा का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश सरकार को बीकेटीसी की लखनऊ तथा फतेहपुर स्थित भूमि एवं भवन को विनिमय करने के लिए एक पत्र सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि लखनऊ के अमीनाबाद में बीकेटीसी की लगभग 11000 वर्ग फीट भूमि है जिस पर तीन पुराने भवन और एक छोटा मंदिर स्थित है।

इसी तरह लखनऊ से 90 किमी दूर फतेहपुर में लगभग 51452 वर्गफीट का एक बगीचा और 24025 वर्गफीट की 43 दुकाने व 2 गोदाम जीर्ण-शीर्ण हालत में हैं। इस प्रकार बीकेटीसी की कुल 86477 वर्गफीट भूमि उत्तर प्रदेश में स्थित है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इन संपत्तियों से वर्तमान में मंदिर समिति को किसी भी प्रकार की आमदनी नहीं हो रही है बल्कि इनकी देखरेख पर काफी व्यय हो रहा है। उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद मंदिर समिति इतनी दूरी होने के कारण इस भूमि की सही से देखभाल नहीं कर पा रही है। इसके चलते कई भू-माफियाओं की नज़र इस भूमि पर है और भूमि के खुर्द-बुर्द होने की संभावना है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार बीकेटीसी की इस भूमि को ले ले और इसके स्थान पर हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश में उप्र सरकार की उपलब्ध भूमि को बीकेटीसी को उपलब्ध करा दे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर सकारात्मक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।