Feb 28, 2026

दुकानों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, बाल श्रम की स्थिति का लिया जायजा, बांसबाड़ा में चलाया सघन चेकिंग अभियान

post-img

,

रुद्रप्रयाग। बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स ने शनिवार को जनपद के बांसबाड़ा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बाल श्रम की स्थिति का जायजा लिया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने प्रतिष्ठान स्वामियों को सख्त चेतावनी दी कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना संगीन अपराध है। पकड़े जाने पर भारी जुर्माने के साथ जेल का भी प्रावधान है। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों और व्यापारियों को बाल श्रम कानून की विस्तृत जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की।

इस संयुक्त रेस्क्यू टीम में चाईल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक, जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) के सदस्य और बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) के पदाधिकारी मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाया जा सके