रुद्रप्रयाग।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “पुलिस आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत जनसंवाद कार्यक्रमों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में चौकी प्रभारी घोलतीर, उपनिरीक्षक सूरज कंडारी द्वारा ग्राम सभा सारी में ग्रामीणों के साथ एक विस्तृत चौपाल का आयोजन किया गया।
यह चौपाल हाल ही में राजस्व पुलिस (पटवारी पुलिस) क्षेत्र से नियमित पुलिस क्षेत्र में सम्मिलित की गई 16 ग्राम सभाओं में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस-जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
चौपाल में साइबर अपराध से बचाव पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों को बढ़ते डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के खतरे और फर्जी/लुभावने लिंक से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई।
नशा मुक्ति अभियान के तहत “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के संकल्प को दोहराते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना गुप्त रूप से पुलिस को दें।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा विषय पर पहाड़ी मार्गों में यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीटबेल्ट के प्रयोग तथा ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए गए।
चूंकि यह क्षेत्र हाल ही में नियमित पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आया है, इसलिए ग्रामीणों को एफआईआर प्रक्रिया, आपातकालीन नंबरों और पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी भी दी गई, ताकि पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े और भय की भावना दूर हो।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज कंडारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने बताया कि राजस्व क्षेत्र से नियमित पुलिस में हस्तांतरण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है।
चौपाल के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।