रुद्रप्रयाग। जनपद में संचालित चारधाम यात्रा की आड़ में अवैध नशे के कारोबार पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार, 27 अप्रैल को एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार संख्या यूके 12 एफ 1268 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से मैकडॉवेल व्हिस्की की कुल 11 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब में 12 फुल बोतल, 48 हाफ बोतल और 384 पव्वे शामिल हैं।
मौके से पुलिस ने वाहन चालक श्रवण कुमार पुत्र रघुनाथ सिंह, निवासी ग्राम कठूड, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वर्ष 2022 में उसके विरुद्ध श्रीनगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में कोतवाली रुद्रप्रयाग में अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 26/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, परिवहन में प्रयुक्त अल्टो कार को सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा, मुख्य आरक्षी मनमोहन सिंह, आरक्षी देवेंद्र सिंह एवं आरक्षी रविंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।