Apr 28, 2026

केदारनाथ धाम में पटाखे जलाकर पवित्रता भंग करने पर मुकदमा दर्ज

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचाने वाले कृत्यों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली सोनप्रयाग में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सुमित के ब्लाॅग नामक इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले सुमित नामक व्यक्ति द्वारा एक वीडियो (रील) पोस्ट की गई है। इस वीडियो में वह अपने साथियों के साथ श्री केदारनाथ धाम मंदिर परिसर के समीप पटाखे जलाकर जन्मदिन मनाता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में स्वयं उक्त व्यक्ति द्वारा इस कृत्य की पुष्टि भी की गई है।

केदारनाथ जैसे पवित्र धार्मिक स्थल पर इस प्रकार का आचरण करना और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग में मु.अ.सं. 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (3) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है तथा संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस सभी तीर्थयात्रियों एवं सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील करती है कि धामों की मर्यादा एवं पवित्रता बनाए रखें। ऐसे किसी भी कृत्य से बचें, जिससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।