इनपुट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। लोक निर्माण विभाग डिवीजन रुद्रप्रयाग के अंतर्गत आने वाला कोल्लू बैण्ड-स्वांरी ग्वांस मोटर मार्ग एक बार फिर सुर्खियों में है। सड़क पर गड्ढों के भरान का कार्य अधूरा छोड़कर कार्यदाई संस्था के अचानक गायब हो जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। विभाग की कार्यशैली पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर केवल लगभग 60 प्रतिशत गड्ढों का ही भरान किया गया, जबकि शेष हिस्से को यूं ही छोड़ दिया गया। नतीजतन मार्ग की हालत जस की तस बनी हुई है। कई स्थानों पर गड्ढे पहले से अधिक गहरे और खतरनाक हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बीते मार्च माह में मुख्यमंत्री दरबार तक गुहार लगाई गई थी। उस समय उम्मीद जगी थी कि जल्द ही सड़क का समुचित सुधारीकरण होगा, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। अधूरा काम कर कार्यदाई संस्था के लापता हो जाने से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्राम प्रधान कविता नेगी ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।
पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो कार्य की नियमित निगरानी की गई और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा गया। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पंचम सिंह नेगी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क का पूर्ण और गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब लोग केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि धरातल पर परिणाम देखना चाहते हैं।
इस संबंध में जब विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका, जिससे विभाग के प्रति लोगों का अविश्वास और गहरा गया है। दीपक सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी और जसोदा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व शासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषी कार्यदाई संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।