Feb 09, 2026

मानवता और कर्तव्य का सुंदर उदाहरण बनी रुद्रप्रयाग पुलिस,, टैक्सी में छूटा बुजुर्ग महिला का सामान चमोली से मंगवाकर किया सुपुर्द

post-img

रुद्रप्रयाग।

जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर “मित्र पुलिस” की भावना को साकार करते हुए ईमानदारी, संवेदनशीलता और तत्परता का सराहनीय परिचय दिया है। पुलिस की सक्रियता से एक बुजुर्ग महिला की टैक्सी में छूटी दवाइयाँ और कीमती सामान चमोली से सुरक्षित वापस मंगवाकर उन्हें सौंपा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल शुक्रवार को सतेश्वरी देवी (निवासी वार्ड-7, भाणाधार, रुद्रप्रयाग) श्रीनगर श्रीकोट से चमोली की ओर जा रही एक टैक्सी में सवार होकर रुद्रप्रयाग पहुँची थीं। भाणाधार में उतरते समय वह जल्दबाजी में दवाइयों और आवश्यक सामान से भरा बैग वाहन में ही भूल गईं। महिला को वाहन संख्या याद नहीं थी, केवल टैक्सी का रंग ही उन्हें ज्ञात था।

बैग खोने से परेशान बुजुर्ग महिला कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुँचीं और अपनी समस्या पुलिस को बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक श्री सुरेश चन्द्र बलूनी ने तत्काल हाईवे पेट्रोल यूनिट को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों व तकनीकी सहायता से संबंधित टैक्सी की पहचान की और चालक से संपर्क साधा, जो उस समय चमोली पहुँच चुका था।

पुलिस के आपसी समन्वय से महिला का सामान चमोली से वापस रुद्रप्रयाग मंगवाया गया। शनिवार को कोतवाली रुद्रप्रयाग में श्रीमती सतेश्वरी देवी को बुलाकर उनका पूरा सामान और दवाइयाँ सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द की गईं। अपना सामान पाकर महिला भावुक हो गईं और उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस का हृदय से आभार जताया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक श्री सुरेश चन्द्र बलूनी ने कहा,

“बुजुर्गों और असहाय नागरिकों की सहायता करना हमारी प्राथमिकता है। महिला की दवाइयाँ समय पर पहुंचाना बेहद जरूरी था। हमें खुशी है कि हमारी टीम ने अपना दायित्व सफलतापूर्वक निभाया।”

रुद्रप्रयाग पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है।