Aug 02, 2026

स्वच्छता में हाईटेक हो रही रुद्रप्रयाग नगर पालिका, 50 सीसीटीवी कैमरों से कूड़ा फैलाने वालों पर निगरानी

post-img

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग ने स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत के निर्देशन में नगर क्षेत्र में 50 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता की निगरानी की जा रही है। जल्द ही 20 अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जाएंगे।

सीसीटीवी कैमरों के जरिए सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अब तक दो लोगों की पहचान कर उनके चालान किए जा चुके हैं, जबकि 10 से 15 अन्य लोगों की पहचान भी कैमरों के माध्यम से की गई है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

नगर पालिका की ओर से सातों वार्डों में 22 महिला कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। इसके अलावा 42 सफाई कर्मी प्रतिदिन नगर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में लगे रहते हैं।

नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग पांच टन कूड़ा एकत्रित किया जाता है, जिसका शत-प्रतिशत वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे एक ओर नगर की स्वच्छता सुनिश्चित हो रही है, वहीं कूड़ा प्रबंधन से नगर पालिका को राजस्व की भी प्राप्ति हो रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से निगरानी व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही 20 और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। साथ ही नगर क्षेत्र में एकत्रित होने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।