Aug 03, 2026

सड़क निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों सभी प्रोजेक्ट : डीएम,

post-img

मानसून के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनरी तैनात रखने के निर्देश, सड़क बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई के आदेश,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), राष्ट्रीय राजमार्ग एवं संबंधित विभागों की सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कें जनपद के विकास की आधारशिला हैं। इसलिए जिन सड़कों पर मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य चल रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी सहित आवश्यक मशीनरी एवं संसाधन पहले से तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर भूस्खलन या अन्य कारणों से सड़क बाधित होती है तो संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए न्यूनतम समय में यातायात बहाल करें, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निकासी व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों, पैराफिट और अन्य सुरक्षा संरचनाओं की नियमित निगरानी एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली सड़कें टिकाऊ एवं उच्च गुणवत्ता की हों, जिससे स्थानीय जनता का विश्वास कायम रहे। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध कार्य निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण से ही जनपद में बेहतर सड़क संपर्क तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग संजीव सैनी, ऊखीमठ के अधिशासी अभियंता आर.पी. नैथानी, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता योगेश कोटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।