Jun 19, 2026

सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में सुनी गई जनसमस्याएं, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी,

post-img

रुद्रप्रयाग। राज्य सरकार की जनहितकारी पहल "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार, रुद्रप्रयाग में एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। इस अवसर पर पेंशन से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई, जिस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं जागरूकता स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार कार्यक्रमों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि "सरकार जनता के द्वार" कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य किरण नौटियाल, संपन्न सिंह नेगी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्राची सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे शासन-प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूती मिली।