रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार प्रशासन का विशेष फोकस पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर है, ताकि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बावजूद यात्रा सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में तैयार की गई कार्ययोजना के तहत यात्रा मार्ग पर कुल 15 पार्किंग स्थलों को विकसित किया गया है। इन पार्किंग स्थलों का उद्देश्य वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा कर यातायात को निर्बाध बनाए रखना है, जिससे यात्रियों को जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा जनपद की 6 प्रमुख बड़ी पार्किंगों को विशेष रूप से विकसित किया गया है। इनमें गुलाबराय, अगस्तमुनि, सीतापुर और सोनप्रयाग जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं, जहां पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए विस्तार कार्य किए गए हैं। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में वाहनों को समायोजित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में छोटी पार्किंग स्थलों का भी निर्माण और विकास किया गया है। इनका उद्देश्य यातायात के दबाव को विभाजित करना और किसी एक स्थान पर भीड़ को कम करना है, जिससे पूरी यात्रा के दौरान यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस बार की व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी।