रूद्रप्रयाग।
जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पकड़ मजबूत करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पंचायत व्यवस्था को और अधिक सक्रिय किया जा रहा है। इसके तहत अब जनपद के सभी विकास खंडों में कार्यरत पंचायत अधिकारी सप्ताह के तीन दिन अनिवार्य रूप से अपने तैनाती क्षेत्रों में फील्ड भ्रमण एवं कैंप आयोजित करेंगे। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि उनके संज्ञान में यह तथ्य लगातार आ रहा था कि कुछ ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी अपने तैनाती क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रह रहे हैं और अधिकांश समय ब्लॉक मुख्यालय अथवा अन्य स्थानों से ही शासकीय कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इससे फील्ड स्तर पर जनसमस्याओं के निस्तारण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों से सप्ताह में तीन दिन फील्ड भ्रमण एवं कैंप आयोजित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों का साप्ताहिक फील्ड रोस्टर तैयार कर तीन दिनों के भीतर जिला कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि संबंधित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं तथा फील्ड भ्रमण एवं कैंप की पूर्व सूचना जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को दी जाए। इससे आम जनता को प्रशासनिक सेवाएं सुगमता से उपलब्ध होंगी और अधिक से अधिक ग्रामीण सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।