May 31, 2026

रुद्रप्रयाग में ओपन माइक कार्यक्रम का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा कला और संगीत का रंग,

post-img

रुद्रप्रयाग। स्थानीय स्तर पर थिएटर, संगीत और कला के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रुद्रा यूथ क्लब एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, रुद्रप्रयाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य ओपन माइक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवा कलाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने थिएटर, लोक एवं आधुनिक संगीत, कविता, गायन, वादन तथा अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों ने न केवल उनकी रचनात्मक क्षमता को उजागर किया, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और कला के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

इस अवसर पर सुप्रसिद्ध संगीत-नाट्य समूह पाण्डवाज के संरक्षक एवं मार्गदर्शक प्रेम मोहन डोभाल तथा वरिष्ठ पत्रकार श्यामलाल सुंदरियाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि नवोदित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे मंच अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी कला अभिव्यक्त करने का अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए प्रेरित होते हैं।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं में निहित कला, संस्कृति, रंगमंच और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उन्हें व्यापक स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन सूरज नेगी ने किया। वहीं संगीत वाद्य यंत्रों के संचालन में आकाश, अनुराग, विवेक, उर्वशी और आरूषी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में अंकिता (अजीम प्रेमजी फाउंडेशन) सहित निकिता, नसरीन, अक्षता, राजदीप, राजेश तथा रुद्रा यूथ क्लब के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों और अतिथियों ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे जिले की छिपी हुई प्रतिभाओं को नई पहचान और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।