आसपास के गांवों के लोगों, व्यापारियों और काश्तकारों को मिलेगी राहत; बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को दी विभिन्न सेवाओं की जानकारी,
रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। नगर क्षेत्र ऊखीमठ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। शुक्रवार को बैंक ऑफ इंडिया की ऊखीमठ शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। नई शाखा खुलने से ऊखीमठ नगर सहित आसपास के गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होने का रास्ता साफ हुआ है। इससे बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम होगी और स्थानीय व्यापारियों, काश्तकारों तथा आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
शाखा के शुभारंभ अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, उद्योगपति खुशहाल नेगी और व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और ग्राहक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया की देहरादून उप आंचलिक प्रबंधक आंचल भानु प्रताप नबियाल ने बैंक की विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना वर्ष 1906 में हुई थी। वर्तमान में बैंक की देशभर में 5,321 शाखाएं, उत्तराखंड में 51 शाखाएं और विदेशों में 27 शाखाएं संचालित हैं। वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मनोरथ राणा ने बैंक की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों से बैंक की सेवाओं का लाभ उठाने और वित्तीय गतिविधियों को सुगम बनाने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि ऊखीमठ धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां से केदारनाथ, मध्यमहेश्वर और तुंगनाथ धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा स्थानीय निवासियों के साथ व्यापारियों और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को सुलभ वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ संगीता नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रबल सिंह राणा, विनोद रावत, प्रह्लाद राणा, महावीर सिंह नेगी, महावीर रावत, कर्मवीर बर्त्वाल, योगेंद्र राणा, पूर्व सभासद बलवंत रावत, राजेंद्र धर्म्वाण, महानंद रावत, रमेश नौटियाल, किशन बगवाड़ी, लक्ष्मण शुक्ला, प्रेम सिंह धर्म्वाण, विजय भारत, कर्मवीर रावण, अमित जुगरान, राजकुमार नेगी, संदीप फोनिया, अवनीश धर्म्वाण और अनीता नेगी सहित बैंक अधिकारी, कर्मचारी और ग्राहक मौजूद रहे।

