govt-ads

ग्राम रुमसी में पशुपालक जागरूकता शिविर, 24 पशुपालकों को मिला लाभ,

Blog
 Image

पशुधन की जांच कर किया उपचार, दवाइयों के साथ मिनरल मिक्सचर, कैल्शियम और 25 किलो जई चारा बीज वितरित,

रुद्रप्रयाग। पशुपालन को स्वरोजगार से जोड़ने, पशुधन के स्वास्थ्य में सुधार लाने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम रुमसी में पशुपालक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत के निर्देश पर राजकीय पशु चिकित्सालय अगस्त्यमुनि की ओर से आयोजित इस शिविर में ग्राम प्रधान सहित कुल 24 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। इनमें 10 महिलाएं भी शामिल रहीं।

शिविर में पशुपालकों को उन्नत विधियों से पशुपालन करने, पशुधन की उचित देखभाल और पशुपालन विभाग की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पशुपालकों को टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान सहित विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने पर जोर दिया गया।

शिविर के दौरान बीमार पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। पशुपालकों को बीमार पशुधन के उपचार के लिए दवाइयां एवं औषधियां वितरित की गईं। इसके अलावा पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर बनाने, पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से मिनरल मिक्सचर, कैल्शियम सहित विभिन्न फीड सप्लीमेंट्स भी दिए गए। पशुओं के लिए पौष्टिक चारे की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 25 किलोग्राम जई चारा बीज का वितरण भी किया गया।

शिविर के माध्यम से पशुपालकों को पशुधन के बेहतर प्रबंधन, संतुलित आहार और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीपमणि गुप्ता, वैक्सीनेटर सनोज कुमार, पशुधन सहायक गीता देवी सहित अन्य मौजूद रहे।