तीसरे दिन भी बरकरार रहा तनाव, छत से पत्थरबाजी के बीच पुलिस ने दबोचा एक निहंग,
सेवादार ने बताया भय का माहौल, श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियां प्रभावित,
रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में शनिवार से शुरू हुआ विवाद सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुद्वारे की छत पर अब भी पांच निहंग सिख डटे हुए हैं, जबकि एक निहंग रविवार को आत्मसमर्पण कर चुका है। सोमवार सुबह भोजन लेने नीचे आए एक अन्य निहंग को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मौके पर पुलिस, आईटीबीपी और जिला प्रशासन की टीमें लगातार तैनात रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
गुरुद्वारे के सेवादार परविंदर सिंह ने दावा किया कि पूरे परिसर में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि छत पर मौजूद निहंग सिख लगातार चुनौतीपूर्ण रवैया अपना रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में असहजता बढ़ी है और सामान्य धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। बताया कि 5 निहंग अभी भी छत में चढ़े हैं।
शनिवार दोपहर शुरू हुआ यह घटनाक्रम अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। प्रशासन लगातार वार्ता और समझाइश के माध्यम से गतिरोध समाप्त करने के प्रयास में जुटा हुआ है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
पुलिस, आईटीबीपी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। पूरे जिले की निगाहें इस मामले पर टिकी हुई हैं और सभी को जल्द समाधान की उम्मीद है।
घेराबंदी के दौरान पत्थरबाजी, एक निहंग पुलिस के हत्थे चढ़ा,
रुद्रप्रयाग। सोमवार सुबह भोजन लेने नीचे आए दो निहंग सिखों में से एक को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान छत पर मौजूद अन्य निहंग सिखों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों और गुरुद्वारा सेवादारों की ओर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सुरक्षा बलों और सेवादारों ने सतर्कता बरतते हुए खुद को सुरक्षित रखा।
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए निहंग से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि उनकी मुख्य मांग कर्णप्रयाग प्रकरण में गिरफ्तार चार निहंग सिखों की रिहाई से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि छत पर मौजूद निहंग सिख 25 जून को प्रस्तावित न्यायालयी पेशी तक वहीं डटे रहने की बात कह रहे हैं। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जल्द समाप्त होगा गतिरोध, सभी निहंगों को सुरक्षित नीचे लाया जाएगा : डीएम,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण को लेकर कहा कि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और आईटीबीपी के जवान मौके पर मुस्तैदी के साथ तैनात हैं तथा हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। डीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन शांतिपूर्ण समाधान को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है और जल्द ही छत पर मौजूद सभी निहंग सिखों को सुरक्षित नीचे लाकर स्थिति को सामान्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।