Jun 22, 2026

अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी के पैतृक गांव मणिगुह पहुंची ‘जन-जन की सरकार’, 61 शिकायतों में 40 का मौके पर समाधान

post-img

ग्रामीणों से रूबरू हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारी, विकास कार्यों व जनसमस्याओं पर हुई खुली चर्चा,

रुद्रप्रयाग। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" के तहत सोमवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत मणिगुह में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। विशेष बात यह रही कि यह शिविर प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी के पैतृक गांव में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान कुल 61 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 40 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने कहा कि गांवों का समग्र विकास ही राज्य की वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके।

शिविर के दौरान क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए गए। ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी ने मालखी के नैनी तोक में सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जी.एस. नेगी ने विद्यालय तक इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने की आवश्यकता बताई। ग्राम प्रधान संदीप सिंह नेगी ने ख्याल्यो क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग उठाई, जबकि ग्रामीण विमला देवी ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों की घेरबाड़ कराने का अनुरोध किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सेवा स्टॉल भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में लोगों को जागरूक किया, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस मौके पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी सोच के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है। सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी सुरेश साह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंद्रजीत बोस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।