Jun 22, 2026

41 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक केंद्रीय विद्यालय, विधायक आशा नौटियाल ने किया निरीक्षण

post-img

वर्षों पुरानी मांग हो रही पूरी, ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेंगी राष्ट्रीय स्तर की शैक्षिक सुविधाएं,

रुद्रप्रयाग। जनपद के स्यालसौड़ में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन का सोमवार को विधायक आशा नौटियाल ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से भवन निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति तथा निर्धारित समयावधि में परियोजना पूर्ण करने को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग रही है, जिसे वर्तमान सरकार ने धरातल पर उतारने का कार्य किया है। लगभग ₹41 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा यह आधुनिक एवं सुविधायुक्त विद्यालय क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में एक नया अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन के पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा, जिन्हें बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है और सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। केंद्रीय विद्यालय न केवल विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि जल्द से जल्द विद्यालय भवन विद्यार्थियों को समर्पित किया जा सके।

विधायक ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।