05.10.2026 ADVT

आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर 40 स्थानों पर मॉक ड्रिल, भूकम्प से लेकर वनाग्नि तक का किया अभ्यास,

Blog
                        Image

28 नवंबर को होगा वृहद मॉक अभ्यास, विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव क्षमता और आपसी समन्वय का होगा परीक्षण,

 

रुद्रप्रयाग। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद रुद्रप्रयाग में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में 28 नवंबर को प्रतिवर्ष आपदा प्रबंधन दिवस मनाए जाने के निर्णय के तहत आयोजित इस अभ्यास में भूकम्प, वनाग्नि, भूस्खलन, वाहन दुर्घटना और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी संभावित आपदाओं के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, आपदा मित्रों और विभिन्न विभागों की क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) ने प्रतिभाग किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता, आपसी समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखना रहा।

 

मॉक ड्रिल के तहत तहसील ऊखीमठ के मस्तूरा रोड स्थित पटवारी क्षेत्र दैड़ा में निजी वाहन के करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिरने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें दो लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ पहुंचाने तथा गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

 

तहसील बसुकेदार परिसर में भूकम्प से भवनों एवं अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की काल्पनिक स्थिति बनाकर दो व्यक्तियों के घायल होने का अभ्यास किया गया। इस दौरान आपदा मित्रों ने घायलों का रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार दिया और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई। साथ ही विद्युत सुरक्षा एवं राहत सामग्री वितरण का भी अभ्यास किया गया।

 

रुद्रप्रयाग के खांकरा क्षेत्र में सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लगने की सूचना पर कोतवाली रुद्रप्रयाग, चौकी जवाड़ी पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने आग को आबादी की ओर फैलने से रोकने तथा अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

 

वहीं भटवाड़ी सैंण क्षेत्र में भूकम्प एवं भूस्खलन के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमें चार लोगों के फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का अभ्यास किया।

 

नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के पुराने देवालय के समीप लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से भूस्खलन होने तथा मलबे में दो व्यक्तियों के दबने और एक अन्य के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इस दौरान बचाव दलों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने, घायलों को सहायता पहुंचाने और प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

 

इसी क्रम में वन विभाग ने पोखरसारी, कोदिमा, सिद्धसोड़, पपड़ासू, भीमताली और सौंराखाल (स्यूंता) सहित विभिन्न वन क्षेत्रों में वनाग्नि पर नियंत्रण एवं वन संपदा की सुरक्षा से संबंधित मॉक अभ्यास किया। सुगुनीबागड़ और स्यूंर मुख्यालय में मानव-वन्यजीव संघर्ष की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर सुरक्षा एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। वहीं ग्राम पतनोली में अग्निकांड की स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन एवं राहत-बचाव की तैयारियां परखी गईं।

 

जनपद में आयोजित इस मॉक अभ्यास के तहत 40 से अधिक स्थानों पर विभिन्न आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया गया। इनमें रेलवे सुरंगों, पावर परियोजनाओं, कुंड बैराज, अगस्त्यमुनि बैराज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों को भी शामिल किया गया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, घायलों के रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर 28 नवंबर 2026 को जनपद में वृहद स्तर पर मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न संभावित आपदाओं के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर संबंधित विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का व्यापक परीक्षण किया जाएगा।

 

जिला प्रशासन का उद्देश्य ऐसे अभ्यासों के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने, विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

Rohit Dimri - 22.11.2026- 1
Rohit Dimri - 22.11.2026- 2
Rohit Dimri - 22.11.2026- 3