रुद्रप्रयाग। केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि में वार्षिकोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी राज्यमंत्री ऐश्वर्या रावत ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया, जबकि एडीएम रुद्रप्रयाग, बीडीओ अगस्त्यमुनि और शिक्षा विभाग के अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य अदिति नेगी ने अतिथियों का पौधा भेंट कर ‘ग्रीन वेलकम’ और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि सत्र 2024-25 में कक्षा 10 और 12 दोनों में 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। विद्यालय ने केवीएस देहरादून संभाग में परीक्षा परिणाम में चौथा स्थान भी प्राप्त किया।
प्राचार्य ने बताया कि कला उत्सव में विद्यालय के छात्रों ने संभागीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन सुनिश्चित किया है। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय शैला रानी रावत को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा और बताया कि उनके प्रयासों से कैम्पा निधि के तहत नए भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। नए भवन के निर्माण के बाद विद्यालय की क्षमता 480 से बढ़कर 960 छात्रों तक हो जाएगी।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। लोक नृत्य, पहाड़ी गीतों और “भारत की सुर यात्रा” मेडले ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं नाटक के माध्यम से श्रमिकों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सत्र 2024-25 में केवीएस देहरादून संभाग के शीर्ष 1.5 प्रतिशत छात्रों में शामिल कक्षा 12 के छात्र विनम्र भट्ट को 10 हजार रुपये और कक्षा 10 के छात्र अभिनव नेगी को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि ऐश्वर्या रावत ने छात्रों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में कन्नड़ लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।