रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने दर्शन के लिए लागू टोकन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से ही दर्शन कराए जाएं। बिना टोकन के किसी भी तरह की अव्यवस्था को सख्ती से रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल उपलब्धता और पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, बर्फबारी के कारण फिसलन वाले स्थानों पर नियमित बर्फ हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
आईजी गढ़वाल ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में पुलिस तैनाती, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान हेली सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, बिजली, आवास और भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को इन सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने बताया कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा सकता है। प्रशासन सभी विभागों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।