पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित, 150 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग, 6.5 किलोग्राम की विशाल अरबी बनी आकर्षण का केंद्र,
रुद्रप्रयाग। विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कृषि क्षेत्र पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित व्यवसायों तथा भविष्य में इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट रहे। वहीं, विषय विशेषज्ञ के रूप में मृदा विज्ञान विशेषज्ञ एवं सहायक कृषि अधिकारी डॉ. चयन पंत ने विद्यार्थियों को कृषि की विभिन्न विधाओं और आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। इस अवसर पर ग्राम बरसू के प्रगतिशील कृषक विजय सेमवाल को भी आमंत्रित किया गया था।
मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने कहा कि कृषि अब केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ा व्यापक क्षेत्र बन चुकी है। इसमें युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की अनेक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद कृषि एवं इससे जुड़े विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर इस क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर तथा भरसार स्थित उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सहित राज्य के प्रमुख कृषि शिक्षण संस्थानों की जानकारी भी दी।
विषय विशेषज्ञ डॉ. चयन पंत ने कृषि विज्ञान, मृदा विज्ञान, उद्यानिकी, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और पुष्प उत्पादन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को अपनाकर युवा कृषि आधारित उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
इस दौरान प्रगतिशील कृषक विजय सेमवाल ने विद्यार्थियों के साथ अपने कृषि एवं बागवानी संबंधी अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने खेतों में उत्पादित बीन, माल्टा, नींबू, मूली सहित विभिन्न कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया। उनके द्वारा उत्पादित लगभग 6.5 किलोग्राम वजन की विशाल अरबी विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों की जलवायु और स्थानीय संसाधनों के अनुरूप फसल विविधीकरण एवं बागवानी को अपनाकर कृषि के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र के व्यावहारिक पहलुओं, आधुनिक तकनीकों, उच्च शिक्षा के विकल्पों तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि बदलते दौर में कृषि युवाओं के लिए एक सम्मानजनक और संभावनाओं से भरपूर करियर विकल्प है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को परंपरागत सोच से आगे बढ़कर कृषि क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करते हैं।

