आशा नौटियाल बोलीं—पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता,
रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि के न्याय पंचायत क्षेत्र सतेराखाल में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रम विभाग रुद्रप्रयाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 300 श्रमिक कार्ड धारकों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य किट, मुख्यमंत्री पोषण किट और मुख्यमंत्री शिक्षण किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। श्रमिक किट वितरण भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रुद्रप्रयाग जनपद में पहली बार इन श्रमिक किटों का वितरण किया जा रहा है। जिन श्रमिकों के श्रमिक कार्ड बने हुए हैं और उनका नवीनीकरण हो चुका है, उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी और श्रम प्रवर्तन अधिकारी को पत्र भेजकर जनपद के अन्य सीएससी केंद्रों पर भी श्रमिक कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को श्रम विभाग कार्यालय में अनावश्यक भीड़ और परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने तल्लानागपुर क्षेत्र में चोपता और सतेराखाल सहित अन्य स्थानों के सीएससी केंद्रों को भी श्रमिक कार्ड बनाने की अनुमति दिए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सके। श्रम प्रवर्तन अधिकारी रुद्रप्रयाग अनिल पुरोहित ने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए 51 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा बच्चों की शिक्षा के लिए डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में सहायता राशि दी जाती है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद में श्रम विभाग की ओर से एक एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके माध्यम से श्रमिक कार्डधारकों और उनके परिवार के सदस्यों की 40 प्रकार की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना है। वर्तमान में श्रमिकों को शिक्षा सामग्री, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी किट वितरित की जा रही हैं। जिला पंचायत सदस्य सतेराखाल गंभीर सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र के करीब 300 श्रमिक कार्डधारकों को शांतिपूर्ण ढंग से किट वितरित की गईं। उन्होंने श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और श्रम विभाग का आभार जताया।
तमिड के प्रधान प्रतिनिधि सचेंद्र रावत ने श्रमिक कार्ड बनाने और नवीनीकरण में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा विधायक और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने मांग की कि श्रमिक कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और ग्रामीणों को जिला मुख्यालय स्थित श्रम विभाग कार्यालय में अनावश्यक भीड़ का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में समाजसेवी विनोद डिमरी, भाजपा मंडल चोपता अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, अनूप बहुगुणा, रमेश नौटियाल, धूम सिंह फर्स्वाण, मानेंद्र कुमार, दिनेश सेमवाल, लक्ष्मण बिष्ट, पुष्कर सिंह रावत, पवन सिंह रावत, जितेंद्र बर्तवाल, गौरव सुप्रियाल सहित जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।