ऊखीमठ। उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के अपने पैतृक गांव मणिगुह पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लंबे समय बाद गांव पहुंचे राज्यमंत्री के स्वागत को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
राज्यमंत्री के सम्मान में शहीद दरवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज मणिगुह में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। पारंपरिक तरीके से स्वागत के बाद क्षेत्रवासियों ने उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास की उम्मीद जताई।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी ने कहा कि मणिगुह की माटी से जुड़े व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से पूरे क्षेत्र में गौरव की अनुभूति है। प्रधान माणिक लाल ने कहा कि अपने पैतृक गांव में सम्मानित होना किसी भी व्यक्ति के लिए विशेष गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश भट्ट ने क्षेत्रवासियों के साथ हमेशा आत्मीय संबंध बनाए रखे हैं।
नागरिक अभिनंदन के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, सड़क, पेयजल, रोजगार सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी राज्यमंत्री के समक्ष रखे। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सत्यपाल नेगी ने कहा कि पहाड़ के एक गांव से निकलकर सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण दायित्व हासिल करने वाले व्यक्ति का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यमंत्री पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट ने क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और सामाजिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मणिगुह उनके लिए केवल पैतृक गांव नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं और स्मृतियों से जुड़ी धरती है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राज्यमंत्री के गांव पहुंचने और नागरिक अभिनंदन के दौरान मणिगुह का माहौल उत्सवमय बना रहा। समारोह में प्रधान मालखी संदीप सिंह, भटवाड़ी अमित नेगी, वन पंचायत सरपंच बचन सिंह रावत, प्रधानाचार्य गोविंद सिंह नेगी, निजी सचिव वेद प्रकाश गौड़, सतीश भट्ट, गिरीश भट्ट, गजेंद्र सिंह नेगी, श्रवण कुमार भट्ट, बलवीर सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।