उक्रांद की जिला कार्यकारिणी गठित,
संगठन को मजबूती देने के लिए अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी, जल्द होगा विस्तार,
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की जनपद इकाई का विधिवत गठन करते हुए नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन को धार देने और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय व अनुभवी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
स्यालसौड़ (चन्द्रापुरी) स्थित एक स्थानीय होटल में जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विचार-विमर्श के बाद कार्यकारिणी का गठन किया गया। घोषित कार्यकारिणी में विनोद कप्रवाण को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विक्रम सिंह फर्स्वाण को जिला उपाध्यक्ष, हरिभजन भंडारी एवं दीप प्रकाश भट्ट को जिला महामंत्री तथा महिपाल भंडारी को जिला संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा राज किशोर विष्ट को अगस्त्यमुनि ब्लॉक अध्यक्ष और राय सिंह पंवार को जखोली ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया। युवा उक्रांद की कमान रवि राणा को सौंपी गई, जबकि गगनदीप रावत को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी बंदना भट्ट को दी गई है। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी ने कहा कि शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
इस अवसर पर केंद्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली, केंद्रीय सचिव पृथ्वी पाल रावत, जितार सिंह जंगवाण, आशुतोष भंडारी, आरती पांडेय, अर्जुन कंडारी, सुबोध नौटियाल, प्रेम सिंह रावत, विपिन विष्ट, राय सिंह रावत, प्रदीप विष्ट, उपेन्द्र पंत, अंकुश जखवाल, जसपाल सिंह रावत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।