Mar 20, 2026

चौधरी के मंत्री बनते ही रुद्रप्रयाग में आतिशबाजी की गूंज, “मंत्री जी जिंदाबाद” के लगे नारे,

post-img

कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लगाया अबीर-गुलाल,

नगर मुख्यालय में मिठाई बांटकर जताई खुशी,

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड कैबिनेट में विधायक भरत सिंह चौधरी की एंट्री होते ही जनपद में जबरदस्त उत्साह की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को उनके कार्यालय के बाहर ऐसा माहौल बना, मानो पूरा शहर जश्न में डूब गया हो। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और भव्य जुलूस निकालते हुए नगर मुख्यालय बाजार में जोरदार नारेबाजी की।

जुलूस के दौरान कार्यकर्ता अबीर-गुलाल में सराबोर नजर आए और हर ओर “मंत्री जी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंजता रहा। सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने इस मौके को यादगार बना दिया। समर्थक सुरेन्द्र रावत, रोशन झा, राकेश मोहन, लक्ष्मण सिंह, चंद्रमोहन सेमवाल, रमेश सिंह चौधरी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन उत्तराखंड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्णानंद डिमरी ने कहा कि भरत सिंह चौधरी ने विधायक रहते हुए जनपद के विकास में अहम भूमिका निभाई है। वर्षों के संघर्ष और समर्पण के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है, जिससे अब क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि जनता ने उन्हें लगातार दो बार विधायक बनाकर उनके काम पर मुहर लगाई है। पार्टी ने भी उनके अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए मंत्रिमंडल में स्थान देकर सम्मानित किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि मंत्री बनने के बाद अब जनपद में बड़े स्तर पर विकास योजनाएं धरातल पर उतरेंगी और चहुंमुखी विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, रोशन झा, विकास डिमरी, राहुल मेवाड़, अरूण कप्रवाण, लीला सिंह, भूपेन्द्र जगवाण समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया।