डीएम ने अधिकारियों को दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश,
रुद्रप्रयाग।
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद रुद्रप्रयाग में 23 से 25 मार्च 2026 तक “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम पर तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा बीते चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कार्यक्रम प्रभारी मंत्री अथवा मुख्यमंत्री द्वारा नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में आयोजित होंगे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
कार्यक्रमों के तहत चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैम्प एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग में 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस अवसर पर मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जबकि सांयकाल में उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संबोधन किया जाएगा। वहीं देहरादून में आयोजित प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संबोधन दोपहर लगभग 12:30 बजे होगा, जिसका सजीव प्रसारण सभी आयोजन स्थलों पर दिखाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि ये कार्यक्रम जनपद मुख्यालय के साथ-साथ विधानसभा, तहसील और विकासखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र लोगों के आवेदन और पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही लाभार्थियों को मंच पर बुलाकर उनके अनुभव साझा कराए जाएं, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें।
युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
इसके अलावा आमजन को डिजिटल और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।