रुद्रप्रयाग। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग द्वारा होटलों, धर्मशालाओं एवं रेस्टोरेंटों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) पुलिस मुख्यालय देहरादून तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशों के क्रम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणनाथ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कस्बा रामपुर और तिलवाड़ा क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं ऑडिट किया गया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग की स्थिति तथा फायर एनओसी की जांच की गई। साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण कर उनकी उपयोगिता भी परखी गई।
जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं, उन्हें नेशनल बिल्डिंग कोड (एनबीसी) भाग-4 (फायर एंड लाइफ सेफ्टी) के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संबंधित प्रबंधकों को सुझाव पत्र जारी करते हुए चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयावधि में कमियों का निस्तारण नहीं करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।