Mar 17, 2026

ईडीसी ने दिया स्थानीय उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण, महिलाओं व युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल,

post-img

रुद्रप्रयाग। कार्तिकेय-कनकचौंरी पारिस्थितिकी विकास समिति द्वारा स्थानीय महिलाओं और युवाओं के आजीविका संवर्द्धन के उद्देश्य से मंगलवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद रुद्रप्रयाग की पहली ईडीसी (इको डेवलपमेंट कमेटी) कार्तिकेय-कनकचांरी के अंतर्गत आयोजित हुआ।

कार्यशाला में मेसर्स ग्रीनहट ऑर्गेनिक ग्लोबल पहाड़ी की ओर से स्थानीय महिलाओं को मधुमक्खी पालन तथा चौलाई के लड्डू बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्तिक स्वामी मंदिर आने वाले पर्यटकों के लिए स्थानीय उत्पादों पर आधारित बाजार विकसित करना है, जिससे सीधे तौर पर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को नई पहचान भी मिलेगी। साथ ही इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन, उप प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग देवेन्द्र पुण्डीर, कार्तिक स्वामी मंदिर समिति कनकचौंरी एवं अगस्त्यमुनि मेला समिति के अध्यक्ष विक्रम नेगी सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।