Mar 19, 2026

सीडीओ ने किया बसुकेदार में जनता की समस्याओं का समाधान, तहसील दिवस में 55 में 20 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

post-img

रुद्रप्रयाग। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन-प्रशासन तक उनकी सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बसुकेदार में तहसील दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने की।

तहसील दिवस में जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों ने उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कुल 55 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 20 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। रायडी की प्रधान सुधाता देवी ने एलएंडटी से प्रभावित गांवों में निःशुल्क विद्युत आपूर्ति एवं आपदाग्रस्त पेयजल लाइन के सुधार की मांग रखी। वहीं, अरखुड के ग्रामीणों ने मातृ-शिशु केंद्र निर्माण, विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने तथा दानकोट-अरखुंड मोटर मार्ग के निर्माण की मांग की।

निवास चमोला ने मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुस्तों के सुधारीकरण की आवश्यकता बताई, जबकि संगूड निवासी दयाल सिंह ने गोशाला के पीछे सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त, स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार में व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग की।

डालसिंगी के प्रधान हरीश लाल ने बसुकेदार-डालसिंगी मोटर मार्ग के मुआवजे को वर्तमान सर्किल दर पर वितरित करने की बात कही। वहीं, मोहन सिंह ने क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय की दूरी को देखते हुए डालसिंगी में ही नया विद्यालय खोलने की आवश्यकता जताई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, जिला आबकारी अधिकारी रमेश चंद्र बंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।