रूद्रप्रयाग।जनसेवा और सुरक्षा के अपने संकल्प को निभाते हुए थाना अगस्त्यमुनि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला का गुम हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसे सकुशल वापस लौटा दिया। मोबाइल मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को सुनीता देवी पत्नी रामेश्वर, निवासी ग्राम फलई ने थाना अगस्त्यमुनि में सूचना दी कि उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।
प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा तकनीकी माध्यमों का प्रयोग करते हुए तथा अपने स्तर से सघन खोजबीन की गई। पुलिस के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया। शनिवार को सुनीता देवी को थाना अगस्त्यमुनि बुलाकर बरामद मोबाइल फोन उन्हें सुपुर्द किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने अगस्त्यमुनि पुलिस की तत्परता, कार्यकुशलता और जनहितैषी कार्यप्रणाली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस-जन सहयोग और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।