Jun 03, 2026

नरकोटा दुर्घटना स्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, सड़क सुरक्षा के दिए निर्देश

post-img

रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप बुधवार को आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस एवं राहत दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है।

दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को सड़क पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने तथा नरकोटा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के लिए सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने रुद्रप्रयाग स्थित अलकनंदा-मंदाकिनी संगम व्यू प्वाइंट का भी निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद यात्रियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी उपस्थित रहे।