रुद्रप्रयाग। आस्था, श्रद्धा और विश्वास के आगे हर कठिन राह भी आसान हो जाती है। इसका जीवंत उदाहरण उस समय देखने को मिला जब मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी श्रद्धालु डॉ. अंकित असाटी अपने डेढ़ साल के नन्हे बालक के साथ श्री केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के दर्शन किए।
करीब 16 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा के बावजूद उनके चेहरे पर उत्साह और संतोष साफ झलक रहा था। डॉ. असाटी ने यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस एवं मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पूरी यात्रा बेहद सुगम, सुरक्षित और यादगार रही।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, सहायता सेवाएं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं ने उनकी यात्रा को काफी सहज बनाया। खासकर छोटे बच्चे के साथ यात्रा करने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
डॉ. असाटी का सकारात्मक फीडबैक यात्रा व्यवस्थाओं में जुटे प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के लिए प्रेरणा का कार्य कर रहा है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।
केदारनाथ यात्रा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।