रूद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजों से किया संवाद,
रुद्रप्रयाग। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया, मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सुविधाओं की जानकारी ली।
सीएमओ ने आईसीयू, जनरल वार्ड, आकस्मिक कक्ष, प्रसूति एवं स्त्री रोग वार्ड, सर्जिकल वार्ड, प्रसव कक्ष, पैथोलॉजी तथा औषधि वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था और बायो-मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया। सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए उन्होंने अनुबंधित फर्म के संचालक को तत्काल पत्र जारी कर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गोयल ने मरीजों और उनके परिजनों से उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने जिला क्षय नियंत्रण केंद्र का निरीक्षण किया, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित बगवाड़ी से राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद में क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों की व्यवस्थाओं की चरणबद्ध समीक्षा कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। साथ ही जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार द्विवेदी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप रावत, प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र डोगरा, प्रशासनिक अधिकारी सचिन रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।