रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कार्तिक स्वामी तीर्थ के आधार शिविर स्कन्द नगरी में मंगलवार को कार्तिकेय मंदिर समिति एवं स्थानीय व्यापारियों के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत तीर्थ क्षेत्र, यात्रा मार्ग तथा सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े-कचरे का निस्तारण कर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, व्यापार संघ के सदस्यों, स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने यात्रा पैदल मार्ग और स्कन्द नगरी के आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान के दौरान लोगों से प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों का खुले में निस्तारण न करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की गई।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कार्तिक स्वामी तीर्थ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
इस दौरान कार्तिकेय मंदिर समिति एवं स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में आयोजित धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों के व्यापक एवं सकारात्मक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं।
मंदिर समिति के प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी ने कहा कि भविष्य में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्कन्द नगरी को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी, उप प्रबंधक रमेश सिंह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, प्रदीप सिंह नेगी, सूरजी देवी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, राजेश्वरी देवी, चैत सिंह नेगी, पंकज सिंह नेगी, चयन सिंह नेगी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।