Feb 09, 2026

अगस्त्यमुनि में विज्ञान और नवाचार का उत्सव,, जनपद स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत भव्य विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता संपन्न

post-img

अगस्त्यमुनि/रूद्रप्रयाग। 

जनपद स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए छात्र–छात्राओं ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े अपने-अपने प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या-समाधान क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अतिथियों व निर्णायकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कृषि अनुसंधान केंद्र, जाखधार की वैज्ञानिक निवेदिता कुकरेती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ समाज की समस्याओं के समाधान को लेकर नवाचार को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयोग, खोज और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र सिंह विष्ट ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें वैज्ञानिक नवाचार की दिशा में प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों में आत्मविश्वास के साथ-साथ समस्या-समाधान की क्षमता का विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों से भी प्रयोगधर्मी और नवाचारपूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराणी ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र पतंग के समान होते हैं, जो किसी भी ऊँचाई को छू सकते हैं, और उस पतंग की डोर शिक्षक के हाथ में होती है। शिक्षक और छात्र के आपसी सहयोग से ही ऐसे नवाचारी प्रयोग संभव हो पाते हैं, जो समाज और जीवन को बेहतर बनाते हैं।

प्रतियोगिता में डॉ. पारुल सिंह, विनोद कुमार यादव और कुशलानन्द पुरोहित ने निर्णायक की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स का उपयोगिता, मौलिकता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर सूक्ष्म मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता से चयनित छह प्रोजेक्ट्स को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला समन्वयक इंस्पायर अवार्ड रमेश मैठाणी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उनके नवाचारी विचारों को व्यवहारिक रूप देना है।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले छात्र मयंक, शिक्षक पीयूष शर्मा, तथा परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले छात्र रोहन राणा और अध्यापक अश्विनी गौड़ को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आलोक रौथाण, महामंत्री शंकर भट्ट, प्रधानाचार्य राइका अगस्त्यमुनि संजय सजवाण, रविंद्र पंवार, आशुतोष गौड़, दलीप सिंह, पंकज भट्ट, अश्विनी गौड़, लीला गैरोला, कुसुम गुसाईं सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए सफलतापूर्वक किया गया।