रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क निर्माण से जुड़ी 12 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 156 और एल-2 स्तर पर 44 शिकायतें लंबित हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और जन संवाद कार्यक्रम इस दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहा है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, प्रभारी शिकायत निवारण केंद्र विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता मौजूद रहे।