रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा से विधायक भरत सिंह चौधरी के प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने पर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जिले में आगमन के दौरान खांकरा, नरकोटा, बायपास तथा जनपद मुख्यालय सहित भाजपा जिला कार्यालय और उनके आवास पर जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया।
शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर नव नियुक्त मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनका आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले के विधायक का सरकार में मंत्री बनना पूरे जनपद के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटकर जिले की दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करेंगे।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके लिए परिवार का सदस्य है। उन्होंने अपने 25 वर्षों के संघर्ष और 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि मंत्री पद मिलना उनके लिए सम्मान की बात है और इसके लिए वे समस्त जनपदवासियों के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार किसी स्थानीय व्यक्ति को मंत्री पद मिलने से विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। आगामी 2027 के चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा जिले की दोनों सीटों पर जीत हासिल करेगी और प्रदेश में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनेगी।
मंत्री ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और उत्तराखंड को समृद्ध व सशक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का समापन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत ने किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री अरुण चमोली ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरमाण, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, सुमंत तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी, नगर पंचायत तिलवाड़ा अध्यक्ष विनीता देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।