जनसेवा, स्वास्थ्य, खेल और संस्कृति का होगा संगम,
रुद्रप्रयाग। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग में 23 से 25 मार्च तक तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम “जन-जन की सरकार - 4 साल बेमिसाल” थीम पर होंगे, जिनका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित करना है।
कार्यक्रमों की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने आज अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अगस्त्यमुनि के बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन में 23 मार्च को प्रातः दस बजे मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा मौके पर ही आवेदन और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कैम्प, महिला एवं बालिका स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके अलावा मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक नृत्य, लोक गायन और लोक कला का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, वहीं महिलाओं के लिए सशक्तिकरण एवं पोषण संबंधी योजनाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा। साथ ही डिजिटल सेवाओं के उपयोग, स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।