Mar 21, 2026

चारधाम यात्रा से पहले बद्रीनाथ राजमार्ग पर सिरोबगड़ में दल-दल बना बाधा

post-img

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा से पहले बद्रीनाथ राजमार्ग पर सिरोबगड़ में दल-दल बाधा बनने लगा है। यहां पर पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण राजमार्ग बंद होने से आवागमन करने वाले यात्रियों को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या दोपहिया वाहन और छोटे वाहन स्वामियों को हो रही है।  

बीते दो दिनों से जिले में हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यवस्त हो गया। सबसे बुरा असर बद्रीनाथ हाईवे के सिरोबगड़ में देखने को मिल रहा है। यहां पर पहाड़ी से भूस्खलन होने लगा है। बरसाती सीजन में यहां पर राजमार्ग घंटों बंद रहता है, जिस कारण यात्रियों को कई किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। बीती शुक्रवार देर रात बद्रीनाथ राजमार्ग के सिरोबगड़ क्षेत्र में दल-दल बनने से यातायात बाधित हो गया। मार्ग पर कई वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। दलदल में फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सड़क पर जमा मलबे को हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई की गई। कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह मार्ग को दोबारा सुचारू रूप से खोल दिया गया। प्रशासन ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए मार्गों की निगरानी लगातार की जा रही है, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।