Jun 25, 2026

मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम ने आपदा तैयारियों की समीक्षा की

post-img

रुद्रप्रयाग। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन एवं मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में संभावित भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक मशीनरी एवं मानव संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत एवं पेयजल विभाग को आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों एवं चिकित्सा टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

 

जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, पूर्ति एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी 24 घंटे सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।