Jun 04, 2026

अल्ट्रासाउंड केंद्र के औचक निरीक्षण में सब कुछ मिला दुरुस्त, नियमों के अनुरूप संचालित पाया गया केंद्र,

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार संचालित पाई गईं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में गठित पांच सदस्यीय टीम ने अल्ट्रासाउंड केंद्र का गहन निरीक्षण किया। टीम ने केंद्र में कार्यरत चिकित्सक की वैधता, अल्ट्रासाउंड मशीन के मेक एवं मॉडल, ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर, फार्म-एफ अभिलेखों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की विस्तार से जांच की।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में प्रदर्शित सूचना पट्टों, सीसीटीवी व्यवस्था तथा एक्टिव ट्रैकर की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निरीक्षण में अल्ट्रासाउंड केंद्र पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित पाया गया। उन्होंने केंद्र संचालकों को भविष्य में भी पीसीपीएनडीटी अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण दल में पीसीपीएनडीटी समिति के सदस्य डॉ. मनीष कुमार, डॉ. मोनिका राणा तथा जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवाड़ी भी शामिल रहे।