Apr 03, 2026
govt-ads

हर गांव में लगेगी चौपाल,  जन समस्याओं के आधार पर बनेगी विकास योजना : भण्डारी

post-img

 


रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ जिला पंचायत कण्डारा वार्ड के सदस्य अजयवीर भण्डारी ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नई पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनेंगे और उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
भण्डारी ने कहा कि विकास योजनाएं तभी सफल होती हैं जब वे जनभावनाओं और वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाई जाएं। इसी उद्देश्य से वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे और उनकी प्राथमिकताओं को समझते हुए योजनाओं का खाका तैयार करेंगे।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से विकास कार्यों को गति देने का प्रयास होगा, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
क्यूंजा घाटी के विकास पर जोर देते हुए भण्डारी ने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध है तथा यहां पर्यटन और तीर्थाटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने क्यूंजा घाटी को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर संघर्ष करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पर्यटन सर्किट विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिकी मजबूत होगी। साथ ही बाहरी पर्यटकों की आमद बढ़ने से स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे चौपाल कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी समस्याएं व सुझाव खुलकर सामने रखें, ताकि एक सशक्त और समावेशी विकास मॉडल तैयार किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग और पारदर्शी कार्यशैली के बल पर कण्डारा वार्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।