महिला स्वच्छता, सम्मान और स्वास्थ्य को मिली नई मजबूती
रुद्रप्रयाग।
महिलाओं की सुविधा, स्वच्छता और सम्मान को केंद्र में रखते हुए नगर पालिका रुद्रप्रयाग ने एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल की है। शहर के दो प्रमुख सार्वजनिक हाईटेक शौचालयों में स्वचालित सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की गई हैं, जिससे महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी राहत मिलेगी।
यह सुविधा केदारनाथ तिराहा एवं डाट पुलिया के समीप बने सार्वजनिक शौचालयों में शुरू की गई है। नगर पालिका की यह पहल महिलाओं की हाइजिन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई है, जो आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत के विशेष प्रयासों से यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया। इस पहल से न केवल महिलाओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि समाज में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पालिका महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर पूरी तरह गंभीर है। बोर्ड के निर्णय के बाद शहर के प्रमुख सार्वजनिक शौचालयों में चरणबद्ध तरीके से स्वचालित सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की जा रही हैं। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका रुद्रप्रयाग को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। शहर में जहां युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं नगर क्षेत्र में विकास कार्य भी तेज़ी से संचालित हो रहे हैं।
पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्ट्रीट लाइटों के विस्तार, सड़कों और मार्गों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पार्किंग सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। नगर क्षेत्र में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से भव्य पार्किंग निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे पालिका क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि रुद्रप्रयाग के समग्र विकास को लेकर कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर को आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्य लगातार जारी रहेगा।