भैरव सेना ने एसडीएम ऊखीमठ के माध्यम से जिलाधिकारी और सरकार को भेजा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी,
रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार श्री मदमहेश्वर धाम के हक-हकूकधारियों के पारंपरिक अधिकारों की बहाली और चमोली जिले के माणा स्थित मां सरस्वती मंदिर के संरक्षण की मांग को लेकर भैरव सेना संगठन (देवभूमि भैरव वाहिनी) ने प्रशासन के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजा। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ के माध्यम से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं राज्य सरकार को दो सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम गौंडार के पंच कारबारियान—पवार, भंडारी और गौंडारी—सदियों से श्री मदमहेश्वर धाम की पूजा व्यवस्था सहित कपाट खोलने-बंद करने, भोग पकाने, चंदन घिसाई और देवरा यात्रा के संचालन जैसी पारंपरिक व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभाते आ रहे हैं। संगठन का आरोप है कि वर्ष 2016 की बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की समीक्षा बैठक तथा पत्रांक 484 (2023) में लिए गए निर्णयों के बावजूद स्थानीय कारबारियों के पारंपरिक अधिकारों का अपेक्षित रूप से संरक्षण नहीं किया जा रहा है।
संगठन ने मदमहेश्वर धाम से जुड़ी ऐतिहासिक धर्मशाला को एकतरफा संपत्ति घोषित किए जाने के कथित प्रयास पर भी आपत्ति जताई। भैरव सेना ने मांग की कि धाम से जुड़े कारबारियों के पौराणिक एवं पारंपरिक हक-हकूकों को सुरक्षित किया जाए तथा प्रस्तावित ‘नियमावली-2026’ को प्रशासनिक मान्यता प्रदान की जाए।
ज्ञापन में दूसरा मुद्दा भारत के प्रथम गांव माणा स्थित मां सरस्वती उद्गम स्थल एवं मंदिर परिसर के संरक्षण से जुड़ा रहा। संगठन ने मंदिर परिसर में गैर-सनातन मानव-मूर्तियों की स्थापना पर आपत्ति जताते हुए मंदिर को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के वैधानिक नियंत्रण में लेने की मांग की।
भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने कहा कि दोनों मामले धार्मिक परंपराओं, स्थानीय हक-हकूकधारियों और मंदिर व्यवस्थाओं से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन और मंदिर समिति ने समय रहते मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो संगठन स्थानीय हक-हकूकधारियों एवं समर्थकों के साथ चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में कार्यक्रम संयोजक एवं भैरव सेना के जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग प्रदीप नगवाल, जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल कुमार, मयंक मलेठा, संजय पंवार, गणेश जोशी, चंदन शर्मा, मनीष कुमार, बलवंत रावत, ओमप्रकाश केदारखंडी, श्री मदमहेश्वर धाम के अध्यक्ष शिवानंद पंवार सहित धाम एवं ग्राम गौंडार के हक-हकूकधारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो:

